सीता

सीता ,
बदलनी होगी तुम्हे ,
परिभाषा पवित्रता की ,
अग्निपरीक्षा से नही ,
तर्को से करना होगा ,
परम्पराओं को ध्वस्त ..

सीता ,
देना होगा तर्क ,
अहिल्या के उद्धार का ,
ताड़का के संहार का ,
बनानी होंगी तुम्हे ,
नयी मर्यादाएं ....

सीता ,
बनाओ मर्यादा ,
स्त्री पर उठते प्रश्नों की ,
सम्बन्धो की निजता की ,
लिखना होगा तुम्हे ,
नया संविधान ...

सीता ,
लिखो संविधान ,
अपने स्वातंत्र्य का ,
चरित्र पर उठते प्रश्नों का ,
कहना होगा तुम्हे ,
हर एहसास ....

सीता ,
कहो एहसास ,
अग्निपरीक्षा का ,
उर्मिला के वियोग का ,
बन्द करना होगा तुम्हे ,
सतित्त्व का दौर ....

सीता ,
आना होगा तुम्हे ,
करने होंगे प्रश्न ,
बदलनी होगी मान्यताएं ,
देकर तर्क ,
रखनी होगी नींव ,
मानसिकविकार रहित समाज की ....

©ज्योति

Comments